पुरोला में हालात तनावपूर्ण! धारा 144 के खिलाफ जगह-जगह प्रदर्शन! कई लोग गिरफ्तार, नौगांव में हो सकती है महापंचायत

Spread the love

पुरोला में महा पंचायत को स्थगित करने से नाराज व्यापारियों ने बड़कोट और नौगांव में सड़क पर बैठकर धरना प्रदर्शन किया है। साथ ही व्यापार मंडल और हिन्दू संगठन के लोग पुरोला के लिए रवाना हुए हैं लेकिन पुलिस ने उन्हें राजगढ़ी बैरियर पर यह कहकर रोक दिया है कि महापंचायत रद्द कर दी गई है और पुरोला में धारा 144 लगा दी गई है, इसलिए भीड़ को पुरोला नहीं जाने दिया जा रहा है। वही बताया जा रहा कि हिंदू संगठनों के कई लोग गिरफ्तार कर लिए गए हैं।

पुरोला में हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। यमुना घाटी के तीनों बाजार बंद कर दिए गए हैं। बड़कोट, पुरोला, नौगांव के सभी बाजारों में कोई दुकान नहीं खुली। वहीं महापंचायत के लिए पुरोला जाने की जिद पर अड़े हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं व व्यापारियों को पुलिस ने पुरोला जाने से रोका। पुलिस के साथ देर तक नोंकझोक के बाद प्रदर्शनकारी यही धरने पर बैठ गए, जिसके चलते यहां लंबा जाम लग गया। पुरोला में महा पंचायत को रोकने के लिए लगाई गई धारा 144 के विरोध में जिले के पंचायत क्षेत्र नौगांव, बड़कोट, डामटा, मोरी में सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद हैं। जिसमें होटल सब्जी की दुकानें, दुग्ध डेयरी और मेडिकल स्टोर भी शामिल हैं। क्षेत्र में आलम ये है कि सुबह से बाजारों में सन्नाटा पसरा हुआ है। इसी बीच बड़कोट में पुलिस प्रशासन के कड़े पहरे के बावजूद भी व्यापार मंडल और हिन्दू संगठन के लोग काफी संख्या में अलग-अलग वाहनों में बैठकर पुरोला के लिए रवाना हुए लेकिन पुलिस ने राजगढ़ी बैरियर पर उन्हें रोक दिया है। पुलिस प्रशासन भी सरकारी वाहनों के अलावा निजी वाहनों में बैठकर पुरोला जाने पर पूछताछ कर अपनी नजर बनाए हुए है। धारा 144 के विरोध में संपूर्ण यमुना घाटी के बाजार बंद हैं और जगह-जगह विरोध प्रदर्शन हो रहा है। वहीं व्यापारियों द्वारा प्रतिष्ठान बंद करने पर यमुनोत्री धाम में जाने वाले तीर्थयात्रियों को भारी परेशानी हो रही है।

उधर व्यापारियों द्वारा सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करने से यमुनोत्री हाईवे पर जाम लग गया है जिससे स्थानीय लोगों समेत यात्रियों को जाम की समस्या से दो चार होना पड़ रहा है। बता दें कि पुरोला में महा पंचायत को रोकने के लिए लगाई गई धारा 144 के विरोध में आज कई जगहों पर व्यापारी सड़कों पर उतरे हैं। विरोध प्रदर्शन को देखते हुए चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है। इसके अलावा आज नैनीताल हाईकोर्ट में महापंचायत पर सुनवाई हो सकती है। महापंचायत को स्थगित करने से नाराज व्यापारियों ने व्यापारिक आपने अपने प्रतिष्ठान बंद किया हुआ है। पुरोला में अब तक मुस्लिम समुदाय के लोगों की दुकानें बंद हैं। करीब 12 लोग दुकानों से सामान समेटकर वापस चले गए हैं। दुकानें खुलवाने को लेकर अधिकारी लगातार स्थानीय लोगों के साथ बैठकें कर रहे हैं। शांति और सौहार्द की अपील के बीच यहां पंचायत संगठन ने 15 जून को महापंचायत का ऐलान किया था। जिसको लेकर संगठन ने सोमवार देर शाम एसडीएम को ज्ञापन भी दिया। लेकिन प्रशासन ने अनुमति देने से साफ इंकार कर दिया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार कि उत्तरकाशी के नौगांव में विभिन्न हिंदू संगठनों के पदाधिकारियों की गिरफ्तारी हुई है। पुरोला जाने को लेकर सड़क पर धरना प्रदर्शन कर रहे कई लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सूत्रों के हवाले से खबर है कि नौगांव मुंगरा पुल के पास महापंचायत हो सकती है। विभिन्न हिंदू संगठनों के लोग और व्यापारी मुंगरा पुल के पास बड़ी संख्या में एकत्रित हुए हैं। पुरोला तहसील क्षेत्र के अंतर्गत धारा 144 लगी है। इसलिए हिंदू संगठन के लोग नौगांव में ही महापंचायत कर सकते हैं। धरने पर बैठे लोगों ने जबरन पुरोला जाने की कोशिश की। जिसके बाद पुलिस के साथ धक्का मुक्की हुई। किन्तु मौके पर मौजूद भारी पुलिस फ़ोर्स ने व्यापारियों और हिन्दू संगठन के लोगों को रोक दिया। जिससे वो लोग पुनः धरने पर बैठ गए।


Spread the love