उत्तराखंड वन विकास निगम के अध्यक्ष कैलाश गहतोड़ी का निधन! सीएम धामी के लिए छोड़ी थी अपनी सीट

Spread the love

सीएम पुष्कर सिंह के लिए अपनी विधायक की सीट छोड़ने वाले राज्य वन विकास निगम के अध्यक्ष कैलाश गहतोड़ी का निधन हो गया। कैलाश गहतोड़ी लंबे समय से बीमारी से जुझ रहे थे, उन्होंने दून अस्पताल में आज सुबह अंतिम सांस ली। सीएम पुष्कर सिंह धामी समेत भाजपा नेताओं ने कैलाश गहतोड़ी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। बता दें कि कैलाश गहतोड़ी 2017 और 2022 में चंपावत से चुनाव जीते थे। इसके बाद 2022 में ही उन्होंने सीएम धामी के लिए अपनी सीट से इस्तीफा दिया था।

चंपावत विधानसभा क्षेत्र से मुख्यमंत्री धामी के लिए अपनी विधायकी छोड़ने वाले भाजपा नेता कैलाश गहतोड़ी का शुक्रवार सुबह देहरादून के मैक्स अस्पताल में निधन हो गया है। आपको बता दें कि भाजपा नेता कैलाश गहतोड़ी 2022 विधानसभा चुनाव में चंपावत से बीजेपी के टिकट पर चुनाव जीत कर आए थे। पार्टी द्वारा खटीमा से चुनाव हारने के बाद भी पुष्कर सिंह धामी को मुख्यमंत्री चुने जाने पर चंपावत से कैलाश गहतोड़ी ने उनके लिए सीट छोड़ी थ। मुख्यमंत्री के रूप में पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत से उपचुनाव लड़ा था। कैलाश गहतोड़ी को उनके सीट छोड़ने का इनाम भी सरकार की तरफ से मिला था। उन्हें वन विकास निगम के अध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंप गई थी। कैलाश गहतोड़ी बेहद मृदुल भाषी और सुलझे हुए नेता थे. वह पार्टी में बहुत अच्छी छवि रखने वाले नेता थे। कैलाश गहतोड़ी के निधन पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी अपनी संवेदनाएं व्यक्त की हैं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया हैंडल पर लिखा है कि वन विकास निगम के अध्यक्ष, पूर्व विधायक, प्रिय मित्र और बड़े भाई कैलाश गहतोड़ी जी के निधन का पीड़ादायक समाचार सुन स्तब्ध हूं। कैलाश जी का जाना संगठन, प्रदेश के साथ-साथ मेरे लिए भी व्यक्तिगत क्षति है। इस असीम कष्ट को शब्दों में बयान नहीं कर पा रहा हूं। आपने अपना पूरा जीवन जनसेवा में खपा दिया। आप एक आदर्श जनप्रतिनिधि के रूप में सदैव याद किए जाएंगे। एक विधायक के रूप में चम्पावत क्षेत्र के विकास के प्रति आपका समर्पण हमारे लिए प्रेरणास्रोत है। राजनीति और जनसेवा के क्षेत्र में आपसे मिला सानिध्य इतना आत्मीय और हृदय के निकट था कि आज विश्वास करना अत्यंत कठिन है कि आप हमारे बीच नहीं हैं। एक अच्छे मित्र और बड़े भाई के रूप में आप सदैव याद आएंगे। चम्पावत के विकास को लेकर जो आपके संकल्प थे उन्हें पूर्ण करने की दिशा में हम समर्पित होकर कार्य करेंगे। ईश्वर से पुण्यात्मा को श्रीचरणों में स्थान एवं शोक संतप्त परिजनों को यह अपार कष्ट सहने की शक्ति प्रदान करने की कामना करता हूं।


Spread the love