झंडे जी के आरोहरण को उमड़ा आस्था का सैलाब! पंजाब के हरभजन सिंह ने चढ़ाया दर्शनी गिलाफ

Spread the love

शनिवार को देहरादून में मौजूद श्री गुरु राम राय दरबार साहिब में निशान साहिब (ध्वज दंड) के आरोहण की प्रक्रिया पूरी हुई। इस मौके पर 3 अलग-अलग तरह गिलाफ के आवरण झंडा जी पर चढ़ाए गये. इस साल पंजाब के हरभजन सिंह ने दर्शनी गिलाफ चढ़ाया। करीब 104 साल पहले हरभजन के परिजनों ने इसके लिए बुकिंग करवाई थी। दर्शनी गिलाफ चढ़ाने के लिए साल 2132 तक के लिए बुकिंग हो चुकी है।

श्रीझंडेजी के आरोहण के साथ आज से दून का ऐतिहासिक मेला शुरू हो गया है। सुबह से ही श्रीझंडेजी के आरोहण के लिए दरबार साहिब में आस्था का सैलाब उमड़ पड़ा था। सुबह सात बजे से पूजा की प्रक्रिया शुरू हुई और झंडे जी पर गिलाफ चढ़ाए गए। इसके बाद शाम चार बजे झंडे जी का आरोहण किया गया। इस बार पंजाब के होशियारपुर निवासी हरभजन सिंह पुत्र हरीसिंह को दर्शनी गिलाफ चढ़ाने का अवसर मिला है। मेले को लेकर देशभर से कई संगतें दून पहुंची हैं। श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज ने कहा कि जो व्यक्ति गुरु के बताए मार्ग पर चलता है, उसे पृथ्वी पर ही स्वर्ग की अनुभूति हो जाती है। इस दौरान संगतों ने श्रीगुरुराम राय महाराज के शबद का सिमरन किया। श्रीझंडेजी के आरोहण से पूर्व श्रीदरबार साहिब में और दून की सड़कों पर श्रद्धालु उमड़ पड़े। श्रीदरबार साहिब से स्कूल-कॉलेज की संगतें लगातार पहुंचती रहीं। सहारनपुर रोड पर कई जगह भंडारे आयोजित किए गए। इनमें बड़ी संख्या में संगतों ने प्रसाद ग्रहण किया। आज मेले के दौरान श्रीदरबार साहिब में आठ बड़े और चार छोटे लंगर लगाए जाएंगे। करीब एक सप्ताह पहले ही दून में संगतें पहुंचनी शुरू हो गई थीं। दून में श्रीगुरुराम राय के आठ से अधिक स्कूलों में इन संगतों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। ऐतिहासिक मेले के लिए पंजाब, हरियाणा, यूपी के साथ ही देश के कोने-कोने से संगतें पहुंची हैं। श्रीझंडेजी मेले के दौरान श्रीदरबार साहिब परिसर में पांच एलईडी स्क्रीन लगाई गई है। इसके साथ ही सोशल मीडिया पर श्रीझंडेजी के आरोहण और इसकी प्रक्रिया का लाइव प्रसारण किया जा रहा है।


Spread the love