![](https://uttaranchaltv.com/wp-content/uploads/2024/07/300x250-1.jpeg)
![](https://uttaranchaltv.com/wp-content/uploads/2024/07/728x90.jpeg)
उत्तराखंड में चारधाम यात्रा के लिए श्रद्धालु लगातार आ रहे हैं। केदारनाथ धाम में दर्शन करने के लिए दूर-दराज से लोग पहुंच रहे हैं। हेली सेवा से केदारनाथ पहुंचने वाले तीर्थ यात्रियों की संख्या शनिवार को एक लाख का आंकड़ा पार गई। अब तक एक लाख एक हजार 442 तीर्थयात्री हेली सेवा से केदारनाथ पहुंच चुके हैं।
हालांकि लगातार मौसम का मिजाज बदलने के कारण आए दिन हेली सेवा बाधित हो रही है। इससे बड़ी संख्या में तीर्थ यात्रियों के टिकट भी निरस्त हो रहे हैं। वर्ष 2013 की आपदा के बाद से केदारनाथ यात्रा में हेली सेवा अहम भूमिका निभा रही है। इस बार अब तक 18,212 शटल सेवा संचालित हुई हैं। प्रतिदिन केदारघाटी के विभिन्न हेलीपैड से औसतन 200 उड़ान हो रही हैं, जिनसे 1200 के आसपास तीर्थयात्री दर्शन को पहुंच रहे हैं। विदित हो कि वर्तमान में धाम के लिए आठ हेली कंपनी अपनी सेवा दे रही हैं। इनमें ट्रांस भारत व आर्यन गुप्तकाशी, पवनहंस, थंबी व ग्लोबल विक्ट्रा फाटा, हिमालयन व क्रिस्टल एविएशन शेरसी और ऐरो सोनप्रयाग से संचालित हो रही हैं। जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी एनएस रजवान ने बताया कि हेली सेवा से दर्शन करने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। हालांकि मौसम के लगातार रंग बदलने का असर उड़ानों पर पड़ रहा है। कुछ दिन पूर्व मौसम खराब होने के कारण एक हेलीकॉप्टर को आपातकालीन लैंडिंग तक करनी पड़ी थी। ऐसे में कई यात्री बिना दर्शन के ही लौट रहे हैं। बताया गया कि बीते सप्ताह धाम में वर्षा और आसपास की पहाड़ियों पर बर्फबारी हुई है, इससे सुबह-शाम का मौसम काफी ठंडा हो गया है। अब तक धाम में रिकॉर्ड 16 लाख 76 हजार 651 तीर्थयात्री दर्शन को पहुंच चुके हैं।
हेली सेवा से वर्षवार केदारनाथ पहुंचे तीर्थयात्री
वर्ष – तीर्थयात्री
2023 – 1,01,442
2022 – 1,51,729
2021 – 38,000
2020 – 26,500
2019 – 1,18,444
2018 – 1,22,935