देहरादून में जलभराव की समस्या होगी दूर! नगर निगम ने बनाया आपदा कंट्रोल रूम

Spread the love

मॉनसून के दौरान देहरादून शहर में भारी बारिश के कारण होने वाली समस्याओं से जनता को निजात दिलाने के लिए नगर निगम ने कंट्रोल रूम बनाया है। इसके अलावा निगम ने टोल फ्री नंबर भी जारी कर दिया है। इस कंट्रोल रूम में 24 घंटे कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाएगी। लोग इन नंबरों के जरिए अपने इलाके की समस्या दर्ज करा सकेंगे और निगम की टीम मौके पर पहुंचकर समस्या को दूर करेगी।

उत्तराखंड में प्री-मॉनसून आने के बाद प्रदेश भर में लगातार बारिश देखने को मिल रही है। देहरादून में भी पिछले कुछ दिनों से रुक-रुककर बारिश हो रही है. जिसके कारण आम जनता को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में जलभराव जैसी समस्याओं से निजात दिलाने के लिए नगर निगम ने एक कंट्रोल रूम तैयार किया है। जिसके लिए टोल फ्री नंबर जारी किया गया है। शहर की जनता नगर निगम के 01352652571 लैंडलाइन और 9084677366 मोबाइल नंबर पर शिकायत दर्ज करा सकते हैं। मोबाइल नंबर पर व्हाट्सएप की सुविधा भी रखी गई है। मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अविनाश खन्ना ने बताया कि नगर निगम द्वारा टोल फ्री नंबर जारी करने के बाद आम जनता को काफी राहत मिलने की उम्मीद है। दोनों टोल फ्री नंबर 24 घंटे उपलब्ध रहेंगे। किसी भी समय कॉल कर लोग सेवा का लाभ ले सकते हैं। नगर निगम के अंर्तगत मॉनसून काल के दौरान कंट्रोल रूम की स्थापना की गई है। जिसके नोडल अधिकारी मुख्य नगर स्वास्थ्य अधिकारी और अधिशासी अभियंता को नियुक्त किया गया है। इसमें क्यूआरटी टीम का भी गठन किया गया है।


Spread the love