हल्द्वानी हिंसा: कथित मुख्य षड्यंत्रकर्ता की संपत्ति कुर्क!14 और लोग गिरफ्तार

Spread the love

उत्तराखंड के हल्द्वानी में अवैध रूप से बने मदरसे को ढहाने को लेकर हुई हिंसा के सिलसिले में शनिवार को 14 और लोगों को गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने यह जानकारी दी। इसी के साथ आठ फरवरी को हुई इस घटना के मामले में अब तक गिरफ्तार किए गए लोगों की कुल संख्या बढ़कर 58 हो गई है। हल्द्वानी बनभूलपुरा में अवैध रूप से निर्मित एक मदरसे को ढहाने के बाद आठ फरवरी को इलाके में हिंसा भड़क गई थी।

स्थानीय निवासियों ने नगर निगम के कर्मियों और पुलिस पर पथराव किया था और पेट्रोल बम फेंके थे जिसके कारण कई पुलिसकर्मियों को एक थाने में शरण लेनी पड़ी थी जिसे भीड़ ने बाद में आग के हवाले कर दिया था। पुलिस के अनुसार, इस हिंसा में छह लोगों की मौत हो गई थी और पुलिस एवं पत्रकारों सहित 100 से अधिक लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने बताया कि शनिवार को गिरफ्तार किए गए लोगों में शकील अंसारी, मौकीन सैफी और जिया उल रहमान शामिल हैं। ये तीनों उन नौ नामजद आरोपियों में शामिल हैं जिनके पोस्टर शुक्रवार को शहर में लगाए गए थे। उसने बताया कि हिंसा का कथित मुख्य षडयंत्रकर्ता अब्दुल मलिक और उसका बेटा अब्दुल मोईद अब भी फरार हैं। उन्होंने बताया कि शहर में स्थित उनकी संपत्ति कुर्क की जा रही है। मलिक और मोईद के खिलाफ गैर जमानती वारंट एवं ‘लुक आउट’ नोटिस जारी किया गया है। पुलिस ने नौ ‘वांछित दंगाइयों’ के पोस्टर शुक्रवार को शहर के विभिन्न स्थानों पर लगाये थे और लोगों से अनुरोध किया था कि इन आरोपियों के बारे में कुछ भी पता चलने पर वे पुलिस को सूचित करें।


Spread the love