आज से पूरे देश में शुरू होगा स्वच्छता अभियान 3.0 का पहला चरण

Spread the love

आज से पूरे देश में तीसरे स्वच्छता अभियान के पहले चरण की शुरूआत होगी। अभियान का पहला चरण 15 से 30 सितंबर तक चलेगा। इस चरण में इसमें सभी मंत्रालय और विभाग लंबित मामलों और स्वच्छता के लिए जगहों की पहचान करेंगे। साथ ही निपटान की जाने वाली अनावश्यक सामग्रियों की मात्रा का आकलन करेंगे। केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने कहा कि विशेष अभियान 3.0 एवं विशेष अभियान जून-जुलाई 2023 के लिए दिशा-निर्देश प्रगति रिपोर्ट जारी की जायेगी। उसी सभा में दिसंबर 2022-जुलाई 2023 के लिए सचिवालय सुधारों की मासिक रिपोर्ट भी जारी की जाएगी।

वहीं अभियान का दूसरा चरण गांधी जयंती यानी दो अक्तूबर से शुरू होगा, जो कि 31 अक्तूबर तक चलेगा। यह कार्यान्वयन चरण होगा। इसमें, सभी मंत्रालय और विभाग प्रारंभिक चरण में चयनित किए गए लक्ष्यों को हासिल करने के प्रयास करेंगे। डीएआरपीजी इस संबंध में एक साप्ताहिक समेकित रिपोर्ट भी तैयार करेगा। जो कि कैबिनेट सचिवालय और पीएमओ को सौंपी जाएगी। इस अभियान का उद्देश्य अन्य चीजों के अलावा कचरे के निपटान के माध्यम से धन पैदा करने के उपायों पर ध्यान केंद्रित करना है। इससे पहले केंद्रीय कार्मिक राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने नई दिल्ली में गुरुवार को विशेष स्वच्छता अभियान 3.0 का वेब पोर्टल लॉन्च किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वच्छता अभियान को एक जन आंदोलन में बदल दिया है और लोगों ने इसे एक सामाजिक सुधार आंदोलन के रूप में आत्मसात कर लिया है। सरकार आम आदमी के सामने आने वाले मूलभूत मुद्दों को मिशन मोड के रूप में लेगी। उन्होंने कहा कि विशेष अभियान ऐसे समय में शुरू किया जा रहा है जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में जी-20 शिखर सम्मेलन की अभूतपूर्व सफलता हुई। इसके अलावा चंद्रयान-3 और आदित्य एल-1 की भारत की अंतरिक्ष उपलब्धियों के बाद देश उत्साहित है। देश भर में चलने वाले इस अभियान के समन्वय और संचालन के लिए प्रशासनिक सुधार और लोक शिकायत विभाग (डीएआरपीजी) नोडल विभाग होगा। साथ ही विभग इस विशेष अभियान 3.0 के कार्यान्वयन की देखरेख भी करेगा। विशेष अभियान 3.0 सेवा वितरण या सार्वजनिक इंटरफेस के लिए जिम्मेदार कार्यालयों पर ध्यान केंद्रित करेगा।


Spread the love