नानकमत्ता में गुरूद्वारा कार सेवा डेरा प्रमुख बाबा तरसेम सिंह की गोली मारकर हत्या! भाजपा के करीबी माने जाते थे बाबा

Spread the love

डेरा कार सेवा प्रमुख बाबा तरसेम सिंह की गोली मारकर हत्या करने वाले बाइक सवार हमलावरों की फुटेज सामने आयी है। हत्यारे बाइक में सवार होकर आये थे और आसानी से फरार हो गये। उनकी तलाश में पुलिस की कई टीमों को लगाया गया है। बता दें गुरूवार प्रातः डेरा कार सेवा प्रमुख 60 वर्षीय बाबा तरसेम सिंह को अज्ञात हमलावरों ने गोलियों से भून दिया। गंभीर रूप से घायल तरसेम सिंह को इलाज के लिए खटीमा के निजी अस्पताल ले जाया गया। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। इस सनसनीखेज घटना को अंजाम देने वाले हमलावरों की सीसीटीवी फुटेज सामने आयी है। फुटेज में घटना को अंजाम देने वाले दो बदमाश बाइक पर नजर आ रहे हैं। दोनों हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए पूरे जिले की पुलिस को अलर्ट कर दिया गया है। एसएसपी मंजूनाथ टिसी खुद नानकमत्ता पहुंचकर मामले पर नजर बनाए हुए हैं। घटना के बाद तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी सुरक्षा बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस की कई टीमें बाइक सवार बदमाशों की तलाश कर रही हैं।

डेरा प्रमुख बाबा तरसेम सिंह भाजपा के बेहद करीबी माने जाते थे। राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ में भी उनकी मजबूत पकड़ थी। इसके अलावा डेरा प्रमुख धार्मिक सेवाओं में भी बढ़चढ़कर हिस्सा लेते थे। हाल में अयोध्या में राम लला की प्राण प्रतिष्ठा के दौरान डेरा प्रमुख बाबा तरसेम सिंह ने अयोध्या नगरी में लंगर की सेवाएं दी थी। डेरा प्रमुख बाबा तरसेम सिंह धार्मिक कार्यों को लेकर हमेशा सुर्खियों में रहते थे। ऐतिहासिक गुरूद्वारा श्री नानकमत्ता साहिब की धार्मिक संस्था डेरा कारसेवा में बाबा तरसेम सिंह करीब दो दशक से सेवाएं दे रहे थे। बाबा तरसेम सिंह से पूर्व डेरा कार सेवा प्रमुख के पद पर बाबा टहल सिंह पदासीन थे। उनके बाद से बाबा तरसेम सिंह ने डेरा कारसेवा प्रमुख की जिम्मेदारी संभाल ली। तब से लेकर बाबा तरसेम सिंह ही डेरे के प्रमुख थे। तब से लेकर बाबा तरसेम सिंह डेरे से सम्बधित सभी तरह के धार्मिक, सामाजिक कार्यों की देखरेख कर रहे थे। उनके कार्यकाल में गुरूद्वारा नानक मत्ता साहिब में जनहित के लिए अनेकों कार्य किये गये। भाजपा से उनके करीबी रिश्ते होने के कारण मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत राज्य के वरिष्ठ पदाधिकारी बाबा के खास माने जाते थे। डेरा प्रमुख बाबा तरसेम सिंह की हत्या की सूचना मिलने के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज शाम नानकमत्ता पहुंच सकते हैं।

 

 


Spread the love