देहरादून। उत्तराखंड के खेल जगत के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण खबर सामने आई है। राज्य के प्रतिभाशाली क्रिकेटर लक्ष्य रायचंदानी को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली आगामी घरेलू श्रृंखला के लिए भारतीय अंडर-19 वनडे टीम की कप्तानी सौंपी गई है। इसके साथ ही, बीसीसीआई की जूनियर चयन समिति ने उन्हें चार दिवसीय (मल्टी-डे) मैचों के लिए टीम का उप-कप्तान भी नियुक्त किया है।
उत्तराखंड के युवा क्रिकेटर लक्ष्य रायचंदानी ने भारतीय क्रिकेट में प्रदेश का नाम रोशन किया है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 टीम के भारत दौरे के लिए भारतीय अंडर-19 टीम की घोषणा कर दी है। इसमें उत्तराखंड के प्रतिभाशाली खिलाड़ी लक्ष्य रायचंदानी को वनडे टीम की कप्तानी सौंपी गई है। यही नहीं, उन्हें चार दिवसीय मल्टी-डे मुकाबलों वाली टीम का उपकप्तान भी बनाया गया है। लक्ष्य को मिली इस दोहरी जिम्मेदारी से क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड (सीएयू) और प्रदेश के क्रिकेट प्रेमियों में खुशी की लहर है। लक्ष्य की कप्तानी में भारतीय टीम में क्रिकेट जगत के दो दिग्गजों के बेटे भी खेलते नजर आएंगे। पूर्व भारतीय कप्तान राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय द्रविड़ और पूर्व विस्फोटक सलामी बल्लेबाज वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर सहवाग को वनडे टीम में जगह मिली है। ऐसे में उत्तराखंड के लक्ष्य के लिए यह जिम्मेदारी और भी खास हो गई है। भारत और ऑस्ट्रेलिया की अंडर-19 टीमों के बीच तीन वनडे मुकाबले खेले जाएंगे। ये मैच 18, 21 और 23 सितंबर को राजकोट में प्रस्तावित हैं। इन मुकाबलों में लक्ष्य रायचंदानी भारतीय टीम की अगुआई करेंगे। वनडे टीम में यशबर्धन चौहान को उपकप्तान बनाया गया है। वनडे टीम में लक्ष्य रायचंदानी (कप्तान), यशबर्धन चौहान (उपकप्तान), रजत बघेल (विकेटकीपर), आर्यवीर सहवाग, वीके विनीत, कुशाग्र ओझा, अर्जुन राजपूत, मनाल चौहान, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), वी. यशवीर, रोहित यादव, शविन विनोद, मोहित उलवा, चिगुरुपति वेंकट और काव्या पटेल शामिल हैं। बीसीसीआई ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ दो मल्टी-डे मुकाबलों के लिए भी भारतीय टीम घोषित की है। इसमें लक्ष्य को उपकप्तान की जिम्मेदारी दी गई है। यशबर्धन चौहान टीम के कप्तान होंगे। पहला चार दिवसीय मुकाबला 27 से 30 सितंबर तक राजकोट में, जबकि दूसरा मैच 5 से 8 अक्टूबर तक अहमदाबाद के बी ग्राउंड में खेला जाएगा। चार दिवसीय टीम में यशबर्धन चौहान, लक्ष्य रायचंदानी, सागर विर्क, कुशाग्र ओझा, मनाल चौहान, कुश पटेल, मानव कृष्ण, अभिप्राय बिस्वास, रोहित यादव, ईशान ओम, अयान अकरम, प्रणव राघवेंद्र, प्रियांशु सिंह, मोहित उलवा और आर्यन यादव शामिल हैं। कप्तानी की जिम्मेदारी मिलने पर लक्ष्य रायचंदानी ने खुशी जताते हुए कहा कि उन्होंने इस बारे में नहीं सोचा था। उनका कहना है कि वह अब तक मिले हर मौके पर अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करते रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके माता-पिता और परिवार के सभी सदस्य इस उपलब्धि से बेहद खुश हैं। लक्ष्य ने इसे अपने लिए अच्छी अपॉर्चुनिटी बताते हुए कहा कि वह इसका भरपूर लाभ उठाने की कोशिश करेंगे। उन्होंने अपनी सफलता में क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ उत्तराखंड के योगदान को भी महत्वपूर्ण बताया। लक्ष्य की इस उपलब्धि ने उत्तराखंड के युवा क्रिकेटरों के लिए नई उम्मीद जगाई है। अब प्रदेश की नजरें राजकोट में होने वाले भारत-ऑस्ट्रेलिया अंडर-19 वनडे मुकाबलों पर रहेंगी, जहां उत्तराखंड का यह युवा सितारा भारतीय टीम की कमान संभालता दिखाई देगा।

