उत्तराखण्डः सैन्य सम्मान के साथ हुआ सूबेदार उमेद सिंह का अंतिम संस्कार! लोगों ने नम आंखों से दी अंतिम विदाई

Spread the love

चमोली। चमोली के जवान उमेद सिंह का आज सैन्य सम्मान अंतिम संस्कार कर दिया गया। बता दें कि जवान उमेद सिंह 14 गढ़वाल राइफल में नायक सूबेदार के पद पर तैनात थे, जिनका 29 जनवरी को लेह में ड्यूटी के दौरान हार्ट अटैक आने से निधन हो गया था। जवान का पार्थिव शरीर जैसे ही उनके घर पर पहुंचा तो परिजनों में कोहराम मच गया। इस दौरान क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।बता दें कि जवान उमेद सिंह थराली विकासखंड के सुनला गांव निवासी थे। वो जम्मू-कश्मीर के लेह में तैनात रहकर देश की रक्षा कर रहे थे। इसी बीच 29 जनवरी को ड्यूटी के दौरान उन्हें हार्ट अटैक आया और उनका निधन हो गया। वहीं, आज उनका पार्थिव शरीर थराली लाया गया, जहां जवान उमेद सिंह के पार्थिव शरीर के अंतिम दर्शन के लिए लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। तमाम जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने जवान को श्रद्धांजलि दी। इससे पहले, जब जवान का शव थराली पहुंचा, तो स्थानीय व्यापारियों ने अपने व्यापारिक प्रतिष्ठान बंद कर जवान उमेद सिंह को श्रद्धांजलि दी।


Spread the love