अगले पांच दिन तेज वर्षा का अलर्ट जारी! गंगोत्री-यमुनोत्री हाईवे बंद,700 यात्री फंसे

Spread the love

मानसून की वर्षा अभी जारी रहेगी लेकिन इसकी गति पहले के मुकाबले कुछ धीमी पड़ी है। देहरादून में आज रविवार 23 जुलाई को भी मौसम खराब बना हुआ है। बादल छाए हुए हैं। वहीं गंगोत्री-यमुनोत्री हाईवे जगह-जगह मलबा आने से बंद हो गया है। गंगोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग के सुनगर के पास अवरुद्ध होने की सूचना प्राप्त हुई है। यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग खरादी, डाबरकोट के पास, राणा चट्टी सहित अन्य स्थानों पर भी मार्ग अवरुद्ध है। यमुनोत्री धाम को जाने-लौटने वाले करीब 700 यात्री विभिन्न स्थानों पर फंसे हुए हैं। लम्बगांव घनसाली तिलवाड़ा मोटर मार्ग स्थान धौन्तरी से चार किलोमीटर आगे मलबाआने से अवरुद्ध हुआ है।

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार रविवार से आगामी गुरुवार तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में यलो अलर्ट रहेगा। इस दौरान कहीं-कहीं एक से दो दौर तेज वर्षा हो सकती है। पहाड़ों से मैदान तक रिमझिम वर्षा का दौर बने रहने की संभावना है। रविवार को देहरादून, मसूरी, ऋषिकेश, हरिद्वार, रुड़की में सुबह के समय रुक-रुक कुछ देर वर्षा हुई। देहरादून के एफआरआइ, कंडोली, बिधाैली, गढ़ीकैंट, जाखन, राजपुर रोड आदि क्षेत्र में भी दिन के समय कहीं हल्की तो कई तेज वर्षा हुई। शनिवार को दून का अधिकतम तापमान 30.2 व न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। टिहरी का अधिकतम तापमान सामान्य से चार डिग्री कम 22.1 न्यूनतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 17.5 डिग्री सेल्सियस रहा। शाम आठ बजे तक मसूरी में 38.5 मिलीमीटर, विकासनगर में 35.4 मिलीमीटर, देहरादून में 22.6 मिलीमीटर वर्षा रिकार्ड की गई। मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक बिक्रम सिंह ने कहा कि रविवार और सोमवार को प्रदेश के जनपदों में कही-कहीं गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने एवं एक से दो दौर तेज वर्षा हो सकती हैं। इसे देखते हुए यलो अलर्ट जारी किया गया है।


Spread the love