समाज निर्माण में शिक्षा और संस्कार सर्वोपरि: सीएम धामी ने किया क्षत्रिय कल्याण समिति की वेबसाइट व 'क्षत्रिय जागरण' स्मारिका का विमोचन

Blog
 Image

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड क्षत्रिय कल्याण समिति, देहरादून की वेबसाइट और ‘क्षत्रिय जागरण’ स्मारिका का विमोचन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए समाजहित में किए जा रहे कार्यों की सराहना की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड क्षत्रिय कल्याण समिति समाज को जागरूक करने के साथ जरूरतमंद लोगों तक सहायता पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। सामाजिक संस्थाओं की सक्रियता से समाज में सहयोग, जागरूकता और जिम्मेदारी की भावना मजबूत होती है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने से ही प्रदेश को विकास की नई दिशा दी जा सकती है। सीएम धामी ने कहा कि किसी भी समाज के सर्वांगीण विकास में शिक्षा की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों से आह्वान किया कि बच्चों की शिक्षा पर विशेष ध्यान दिया जाए। आर्थिक या अन्य कारणों से कोई बच्चा शिक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए सामाजिक संस्थाओं को अपनी भूमिका और मजबूत करनी चाहिए। उन्होंने बच्चों को बेहतर शैक्षणिक अवसर उपलब्ध कराने के साथ उन्हें विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करने की जरूरत बताई। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज के दौर में बच्चों के सामने शिक्षा, तकनीक, खेल, रोजगार और स्वरोजगार समेत कई नए अवसर हैं। समाज को इन अवसरों की जानकारी देकर युवाओं को अपनी प्रतिभा के अनुरूप आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करना चाहिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि केवल शिक्षा हासिल करना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि बच्चों में अच्छे संस्कार, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारियों की भावना विकसित करना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि संस्कारवान और जिम्मेदार युवा ही समाज और राष्ट्र के निर्माण में प्रभावी भूमिका निभा सकते हैं। उन्होंने समिति से सामाजिक सेवा के साथ युवा पीढ़ी को राष्ट्र निर्माण से जोड़ने की दिशा में भी कार्य करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज की प्रगति तभी संभव है, जब विकास का लाभ सभी वर्गों तक पहुंचे और प्रत्येक व्यक्ति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सकारात्मक योगदान दे। वेबसाइट के शुभारंभ से समिति की गतिविधियों, सामाजिक कार्यों और विभिन्न पहलों की जानकारी लोगों तक डिजिटल माध्यम से पहुंचाने में मदद मिलेगी। वहीं, ‘क्षत्रिय जागरण’ स्मारिका समिति की गतिविधियों और सामाजिक सरोकारों को सामने रखने का माध्यम बनेगी।कार्यक्रम के दौरान समिति के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया। समिति ने भविष्य में सामाजिक जागरूकता, शिक्षा और जरूरतमंदों की सहायता से जुड़े कार्यों को और व्यापक स्तर पर आगे बढ़ाने का संकल्प व्यक्त किया।