Mar 08, 2026

योग्य उम्मीदवारों का सपना होगा पूरा: यूकेएसएसएससी के डिजिटल रिफॉर्म्स से खत्म होगी भर्ती में धांधली की गुंजाइश

post-img

देहरादून। उत्तराखंड में सरकारी नौकरियों की भर्ती प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी और सुरक्षित बनाने के लिए उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) ने बड़े बदलावों की घोषणा की है। अब आयोग की भर्तियों में आवेदन करते समय अभ्यर्थियों के लिए आधार कार्ड अनिवार्य होगा। इसके साथ ही परीक्षा केंद्रों पर उपस्थिति दर्ज कराने के लिए अभ्यर्थियों की हथेली और आंखों की रेटिना का स्कैन किया जाएगा।

आयोग ने यह निर्णय आवेदन पत्रों में होने वाली डुप्लीकेसी और परीक्षा में गड़बड़ियों को रोकने के उद्देश्य से लिया है। समूह-ग के 1737 नए पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू करने से पहले आयोग ने इस नई व्यवस्था को लागू करने की तैयारी कर ली है। आयोग का कहना है कि इन कदमों से भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ेगी और फर्जीवाड़े की संभावनाओं पर लगाम लगेगी। आयोग के अनुसार अब परीक्षाओं के दौरान अभ्यर्थियों की गतिविधियों पर नजर रखने के लिए आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) तकनीक और लाइव सीसीटीवी कैमरों का इस्तेमाल किया जाएगा। इससे परीक्षा केंद्रों पर किसी भी तरह की संदिग्ध गतिविधि या नकल की कोशिश को तुरंत पकड़ा जा सकेगा। पहले जहां अभ्यर्थियों की उपस्थिति केवल हस्ताक्षर या कागजी प्रक्रिया के आधार पर दर्ज की जाती थी, वहीं अब इस व्यवस्था में बदलाव किया गया है। नई व्यवस्था के तहत अभ्यर्थियों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए उनकी हथेली और आंखों की पुतली (रेटिना) का डिजिटल स्कैन किया जाएगा। इससे किसी अन्य व्यक्ति के परीक्षा देने की संभावना लगभग समाप्त हो जाएगी।

यूकेएसएसएससी के सचिव डॉ. शिव कुमार बरनवाल ने बताया कि आयोग भर्ती प्रक्रिया को और अधिक व्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए संयुक्त पात्रता परीक्षा (सीईटी) आयोजित करने की योजना पर भी काम कर रहा है। इसके साथ ही प्रदेश के हर जिले में आदर्श परीक्षा केंद्र विकसित करने की दिशा में भी पहल की जा रही है। उन्होंने बताया कि कम संख्या वाली परीक्षाओं के लिए आयोग अपना खुद का परीक्षा भवन और आधुनिक कंप्यूटर लैब भी स्थापित करेगा। इससे परीक्षाओं के आयोजन में बाहरी संस्थानों पर निर्भरता कम होगी और आयोग अपनी निगरानी में परीक्षा आयोजित कर सकेगा। अभ्यर्थियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आयोग ने आईवीआर तकनीक भी लागू की है। इसके जरिए उम्मीदवार अपने आवेदन से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी आसानी से प्राप्त कर सकेंगे। अभ्यर्थी टोल-फ्री नंबर 9520991172 पर कॉल कर या व्हाट्सएप नंबर 9520991174 के माध्यम से आवेदन की स्थिति, एडमिट कार्ड और परीक्षा तिथि से जुड़ी जानकारी तुरंत हासिल कर सकते हैं। आयोग के अधिकारियों का कहना है कि भर्ती प्रक्रिया में आधुनिक तकनीक के उपयोग से पारदर्शिता और विश्वसनीयता दोनों बढ़ेंगी। साथ ही इससे योग्य अभ्यर्थियों का चयन सुनिश्चित करने में भी मदद मिलेगी। आने वाले समय में आयोग अन्य प्रक्रियाओं को भी डिजिटल और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने की दिशा में कदम उठाएगा।