उत्तराखण्डः रक्षाबंधन पर सीएम ने दिया तोहफा! दो दिन बसों में फ्री यात्रा कर सकेंगी महिलाएं, प्रदेशवासियों को दी शुभकामना

Spread the love

देहरादून। रक्षाबंधन के मौके पर प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को बधाई दी है। उन्होंने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल पर रक्षाबंधन की शुभकामनाओं के साथ एक संदेश साझा किया है। मुख्यमंत्री के इस संदेश में लिखा है कि आप समस्त प्रदेशवासियों को मातृशक्ति के प्रति सम्मान व विश्वास के प्रतीक, भाई-बहन के अटूट प्रेम एवं स्नेह के पावन पर्व रक्षाबंधन की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। मेरी ईश्वर से प्रार्थना है कि यह पावन पर्व आप सभी के जीवन में सुख, शान्ति, समृद्धि एवं खुशहाली को लेकर आएं। इधर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रक्षाबंधन पर प्रदेश में उत्तराखण्ड परिवहन निगम द्वारा संचालित बसों को माताओं व बहनों की यात्रा के लिए दो दिनों तक मुफ्त किए जाने का निर्णय लिया है। ट्वीट के अनुसार मुख्यमंत्री ने रक्षाबंधन के शुभ अवसर पर दिनांक 30 अगस्त दोपहर 12 बजे से 31 अगस्त रात्रि 12 बजे तक उत्तराखण्ड परिवहन निगम द्वारा संचालित बसों में माताओं.बहनों की यात्रा निःशुल्क किए जाने का निर्णय लिया है। उन्होंने कहा कि हमारी बहनें उत्तराखण्ड सहित अन्य राज्यों से होकर जाने वाली उत्तराखण्ड परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा सुविधा का लाभ उठा सकती हैं।


Spread the love