Mar 09, 2026

पति की जान की दुश्मन बनी पत्नी, देहरादून के पटेलनगर में हुई चौंकाने वाली आपराधिक घटना

post-img

देहरादून। मुस्लिम व्यक्ति के प्यार में पागल एक महिला ने पति को रास्ते से हटाने के लिए उसे जहर दे दिया। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया। तहरीर के आधार पर पटेलनगर कोतवाली पुलिस ने आरोपित महिला व उसकी बहन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी तहरीर में मौकम सिंह निवासी गागलहेड़ी, सहारनपुर ने बताया कि उनके बेटे अंकित की शादी छह साल पहले शिल्पा के साथ हुई थी और दोनों सेवलाकलां चंद्रबनी के पार्वती विहार कालोनी में रहने लगे। दोनों के बीच छोटे-मोटे झगड़े होते रहते थे, लेकिन उनका समझौता हो जाता था। कुछ दिन पहले झगड़े के चलते शिल्पा ने उनके बेटे अंकित की आंखो में मिर्ची डाल दी और घर से फरार हो गई। अंकित ने उसकी काफी तलाश की, लेकिन कुछ पता नहीं चल पाया। बेटे ने ससुराल में भी पता किया पर किसी ने उसकी सहायता नहीं की। इसके बाद शिल्पा एक मार्च को वापस देहरादून वापस आ गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि तीन मार्च को शिल्पा ने उनके बेटे अंकित को पानी में जहर मिलाकर दे दिया और घर से फरार हो गई। गंभीर हालत में पड़ोसियों ने अंकित को दून अस्पताल में भर्ती कराया। हालत में सुधार होने के बाद अंकित ने जब शिल्पा के बारे में जानकारी जुटाई तो पता चला कि वह किसी शोएब नाम के लड़के के साथ हरिद्वार व दिल्ली में रह रही थी। बेटे को जहर देने में शिल्पा का उसकी बहन ने साथ दिया। पटेलनगर कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक चंद्रभान अधिकारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर शिल्पा व उसकी बहन के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।