Feb 19, 2026

धमकी ई-मेल के बाद उत्तराखंड हाई कोर्ट और जिला अदालतें निगरानी में

post-img

देहरादून। उत्तराखंड में एक ही दिन चार अदालतों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। गुरुवार को देहरादून, नैनीताल, चंपावत जिला न्यायालय और नैनीताल स्थित हाई कोर्ट को धमकी भरा ई-मेल प्राप्त हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गईं और सभी कोर्ट परिसरों में सघन तलाशी अभियान शुरू कर दिया गया।

चंपावत जिला न्यायालय में जिला जज को ई-मेल के माध्यम से बम की धमकी दी गई। इसके बाद पुलिस प्रशासन ने तत्काल कोर्ट परिसर को खाली कराकर व्यापक जांच अभियान चलाया। कोतवाल बीएस बिष्ट ने बताया कि प्रारंभिक तलाशी के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। एहतियातन पिथौरागढ़ से डॉग स्क्वायड टीम को बुलाया गया है, जो दोबारा पूरे परिसर की बारीकी से जांच करेगी। तलाशी अभियान के दौरान सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। कोर्ट परिसर में प्रवेश के लिए परिचय पत्र अनिवार्य कर दिया गया और आने-जाने वालों की सघन चेकिंग की गई। पुलिस, बम निरोधक दस्ते और खुफिया एजेंसियों की टीमें लगातार निगरानी बनाए हुए हैं। गौरतलब है कि बुधवार को भी राज्य के कई जिला न्यायालयों नैनीताल, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग और देहरादून को इसी तरह की धमकी भरे ई-मेल मिले थे। लगातार दो दिनों से मिल रही धमकियों ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है। आशंका जताई जा रही है कि यह किसी शरारती तत्व की करतूत हो सकती है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। वरिष्ठ अधिकारियों का कहना है कि साइबर सेल को ई-मेल की जांच की जिम्मेदारी सौंप दी गई है और भेजने वाले की पहचान करने के प्रयास किए जा रहे हैं। फिलहाल सभी अदालत परिसरों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है और संदिग्ध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और किसी भी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की तुरंत सूचना पुलिस को देने की अपील की है।

govt-ads
govt-ads