हाई अलर्ट के बीच बेखौफ बदमाश: बुजुर्ग महिला से दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग,सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

Blog
 Image

देहरादून। स्वतंत्रता दिवस को लेकर राजधानी में लागू पुलिस के सख्त पहरे और सघन चेकिंग अभियान को ठेंगा दिखाते हुए एक बेखौफ बदमाश ने दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम दिया। थाना वसंत विहार क्षेत्र के पॉश इलाके 'वसंत विहार फेज-2' में बिना नंबर प्लेट की एक्टिवा सवार शातिर बदमाश ने लाठी के सहारे टहल रही 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला के गले से सोने की चेन झपट ली। 

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर कड़ी सुरक्षा और चेकिंग के बीच देहरादून के पॉश वसंत विहार इलाके में दिनदहाड़े चेन स्नेचिंग की वारदात ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए। वसंत विहार फेज-2 में बिना नंबर प्लेट की एक्टिवा पर सवार बदमाश ने 75 वर्षीय बुजुर्ग महिला को बातचीत में उलझाकर उसके गले से चेन झपट ली। वारदात के दौरान हुई धक्का-मुक्की में महिला सड़क पर गिर गई। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार बुजुर्ग महिला शाम के समय लाठी के सहारे इलाके में टहल रही थीं। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की एक्टिवा पर सवार एक युवक वहां से गुजरा। महिला पर नजर पड़ने के बाद आरोपी कुछ दूरी तक गया और फिर वापस लौट आया। उसने महिला के पास एक्टिवा रोककर बातचीत शुरू कर दी। बातचीत के दौरान आरोपी ने अचानक महिला के गले पर झपट्टा मारकर चेन खींच ली। महिला ने खुद को बचाने की कोशिश की, लेकिन बदमाश के जोर लगाने से वह सड़क पर गिर गईं। इसके बाद आरोपी एक्टिवा स्टार्ट कर मौके से फरार हो गया। आसपास मौजूद लोगों को जब तक घटना का पता चलता, आरोपी काफी दूर निकल चुका था। घटना की जानकारी मिलने के बाद महिला के बेटे ने थाना वसंत विहार में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस को घटनास्थल के सीसीटीवी कैमरे से महत्वपूर्ण सुराग मिलने की उम्मीद है। फुटेज में आरोपी की गतिविधियां और वारदात के बाद उसके फरार होने का घटनाक्रम कैद हुआ है। घटना के खुलासे के लिए पुलिस ने तीन टीमों का गठन किया है। टीमें घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही हैं। इसके अलावा शहर के अन्य मार्गों पर लगे कैमरों से आरोपी के भागने के रास्ते का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। पुलिस बिना नंबर प्लेट की एक्टिवा और आरोपी के हुलिए को भी जांच का आधार बना रही है। आसपास के क्षेत्रों में संदिग्ध वाहनों और लोगों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। स्वतंत्रता दिवस को लेकर देहरादून में पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर रखी है। प्रमुख मार्गों, संवेदनशील स्थानों और सार्वजनिक स्थलों पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। ऐसे समय में वसंत विहार जैसे पॉश इलाके में बुजुर्ग महिला को निशाना बनाए जाने से स्थानीय लोगों में चिंता बढ़ गई है। थाना वसंत विहार प्रभारी सेंकी सिंह के अनुसार मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार काम कर रही हैं। पुलिस का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर जल्द आरोपी तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।