govt-ads

पंतनगर विवि की इंटरलॉकिंग टाइल्स पर रिपोर्ट के बाद आनन-फानन में लीपापोती के लगे आरोप

Blog
 Image

पंतनगर। देश को हरित क्रांति देने वाले और उत्तराखंड की गरिमा कहे जाने वाले पंतनगर कृषि विश्वविद्यालय में निर्माण कार्यों के नाम पर बड़े भ्रष्टाचार का खुलासा हुआ है। सबसे बड़ी बात यह है कि जैसे ही मीडिया ने इस भ्रष्टाचार को उजागर किया, विभाग और ठेकेदार में हड़कंप मच गया और आनन-फानन में टाइल्स उखाड़कर लीपापोती शुरू कर दी गई। पंतनगर विश्वविद्यालय के 11 हॉस्टलों के सामने रास्ते के किनारे इंटरलॉकिंग टाइल्स बिछाई जा रही हैं। पीडब्ल्यूडी के मानकों के अनुसार, टाइल्स के नीचे रोड़ी, गिट्टी और रेत की चार मजबूत परतें और किनारे पर कंक्रीट का कर्व स्टोन जरूरी है, लेकिन मौके की तस्वीरें गवाही दे रही हैं कि यहां केवल कच्ची मिट्टी को हल्का खोदकर सीधे टाइल्स बिछाई जा रही हैं। इससे पहले 17 नवंबर को राज्यपाल डॉ. ढाल सिंह बिसेन पंतनगर आए थे, उस दौरान आनन-फानन में एक लाख टाइल्स बिना बेस बनाए इसी तरह मिट्टी पर रख दी गई। ई-प्रोक्योरमेंट दस्तावेजों के मुताबिक, करीब 94 लाख 22 हजार के इस काम का टेंडर देहरादून की 'भारत कंस्ट्रक्शन' को अनुमानित दर से 26.52% कम यानी करीब 69 लाख 23 हजार रुपये में दिया गया है। टाइल्स के इस पूरे खेल के पीछे निर्माण विभाग के डिप्टी एई हरीश जुकारिया का संरक्षण है। सूत्रों के अनुसार, डिप्टी एई हरीश जुकारिया और 'भारत कंस्ट्रक्शन के मालिक ख़ान साहब  के बीच बेहद गहरी जुगलबंदी है और इसी मिलीभगत के चलते अब जुकारिया करोड़ों रुपये के बिल्डिंग निर्माण के काम भी इसी विवादित फर्म को देने की तैयारी में हैं। इतना ही नहीं, पूर्व में हुए भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने के लिए आरटीआई (RTI) का जवाब तक नहीं दिया जा रहा है, और अपीलीय अधिकारी के स्पष्ट आदेश के बावजूद दस्तावेजों को दबाकर रखा गया है। चर्चा है कि जल्द रिटायर होने जा रहे हरीश जुकारिया एक्सटेंशन लेकर निदेशक बनने की जुगत में हैं। मामला तूल पकड़ने और सबूत सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन भी हरकत में आया है। कुलपति डॉ. शिवेंद्र कश्यप ने पूरे प्रकरण की जांच कर सख्त कार्रवाई का भरोसा दिया है। भारत कन्स्ट्रकशन को पंतनगर यूनिवर्सिटी से ई-टेंडरिंग के जरिये लगभग 8 करोड़ से ज्यादा के निर्माण कार्य आवंटित हुए है, जिनमें शुरुआती दौर पर केवल 70 लाख के काम में ही भारत कन्स्ट्रकशन और उप निदेशक हरीश जुकारिया की मिलीभगत सामने आ गयी है जहां इंटरलोकिंग टाइल्स लगाने का बेस ही गायब कर दिया और जब खबर प्रकाशित होने की भनक लगी तो आनन-फानन में लगाई गई टाइल्स को उखाड़ना शुरू कर दिया गया। ताकि लीपापोती कर सबूत मिटाए जा सकें। टाइल्स उखाड़ने के ताज़ा वीडियो भी कैमरे में कैद हो चुके हैं, जो इस बात का पुख्ता प्रमाण हैं कि विश्वविद्यालय में बड़े स्तर पर भ्रष्टाचार को अंजाम दिया जा रहा है। यदि पंतनगर विश्वविद्यालय को बचाना है और इस भ्रष्टाचार पर लगाम लगानी है, तो जुकारिया जैसे अधिकारियों को तत्काल बर्खास्त करना होगा और 'भारत कंस्ट्रक्शन' को तुरंत ब्लैकलिस्ट किया जाना बेहद जरूरी है। कुलपति ने कार्रवाई का आश्वासन तो दे दिया है, लेकिन अब देखना यह होगा कि जनता के टैक्स की बंदरबांट करने वालों पर वाकई गाज गिरती है या नहीं।