उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आए दिन अपने सरल स्वभाव और ईमानदार कार्यशैली और विवादों से दूर रहने के लिए सुर्खियों में रहते हैं। उनका ये किरदार लोगों को खूब पसंद आता है। इस कारण सीएम धामी को जब भी समय मिलता है, वह लोगों के बीच जाना पंसद करते हैं। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री के रूप में दूसरी बार शपथ लेने के बाद भी सीएम धामी धरातल से जुड़े रहना चाहते हैं। यही कारण है कि पहाड़ी राज्य उत्तराखंड के लोगों की समस्याओं को वो धरातल पर जाकर ही निस्तारण करते हैं। ऐसा ही किरदार उनका एक बार फिर उत्तरकाशी दौरे पर देखने को मिला है।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी दो दिवसीय उत्तरकाशी दौरे पर हैं। दौरे के दूसरे दिन की सुबह मुख्यमंत्री धामी ने जिले के सीमांत विकासखंड भटवाड़ी के ग्राम सिरोर, नेताला का भ्रमण किया. इस दौरान उन्होंने ग्राम वासियों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना. उन्होंने भागीरथी नदी से हो रहे कटाव के बारे में भी ग्राम वासियों से जानकारी ली। मुख्यमंत्री धामी ने स्थानीय लोगों से सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं के संबंध में फीडबैक भी लिया। उन्होंने ग्राम सिरोर के खेतों में पावर वीडर से जुताई की। मुख्यमंत्री ने गांव क्षेत्र में मंडुवे की खेती को बढ़ावा देने के मकसद से ग्राम सिरोर में ‘लाइन शोइंग’ विधि से मंडुवे की बुआई की और महिलाओं को मंडुए के बीज वितरित किए। मुख्यमंत्री धामी ने विभिन्न कृषि उपकरणों के बारे में जानकारी लेते हुए आधुनिक उपकरणों को किसानों को ज्यादा से ज्यादा वितरित किए जाने की बात कही। उन्होंने खेतों में जीवामृत खाद का भी छिड़काव किया।