जब खेतों में पहुंचे चमोली डीएम! महिलाओं संग की धान की कटाई, क्रॉप कटिंग प्रयोग भी देखा

Spread the love

चमोली। जिलाधिकारी संदीप तिवारी ने राजस्व उप निरीक्षक क्षेत्र पपडियाणा के अन्तर्गत ग्राम गंगोलगांव में धान की फसल पर किए जा रहे क्रॉप कटिंग प्रयोग का निरीक्षण किया। इस दौरान जिलाधिकारी ने महिलाओं के साथ धान भी काटे। राजस्व विभाग ने काश्तकार बचन सिंह बिष्ट के धान के खेत में 30 वर्ग मीटर का प्लाट बनाकर नियमानुसार क्रॉप कटिंग का प्रयोग किया। निर्धारित आकार के प्लाट में धान की उपज 2.7 किलोग्राम का उत्पादन प्राप्त हुआ। बारिश के कारण धान की उपज कम पाई गई। इस दौरान जिलाधिकारी ने भू-अभिलेखों की जांच करते हुए काश्तकारों को खेती से संबंधित नई तकनीक के बारे में जानकारी भी दी। जिलाधिकारी ने कहा कि क्रॉप कटिंग प्रयोगों के आधार पर ही जिले में फसलों के औसत उपज और उत्पादन के आंकड़े एकत्रित किए जा रहे है तथा जिले में हो रहे उत्पादन की सटीक जानकारी हासिल की जा रही है। उन्होंने कहा कि इससे किसानों को प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ मिलेगा। जिलाधिकारी ने किसानों से कृषि एवं अन्य आवश्यक संसाधनों से संबंधित समस्याओं एवं चुनौतियों की जानकारी प्राप्त करते हुए उनके समाधान हेतु सुझाव भी दिए।


Spread the love