नैनीताल। कुमाऊं मंडल की बाल कल्याण समिति की ओर से 3 दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आगाज किया गया। इसमें किशोर न्याय बोर्ड के सदस्यों को महिला कल्याण विभाग उत्तराखंड द्वारा प्रशिक्षण दिया जा रहा है
तीन दिवसीय कार्यशाला का उद्घाटन उत्तराखंड प्रशासन अकादमी, नैनीताल में गुरुवार को किया गया। कार्यशाला में बतौर विशिष्ट अतिथि राजेन्द्र जोशी, जिला जज, नैनीताल पहुंचे। उन्होंने कहा कि बाल कल्याण समिति व किशोर न्याय बोर्ड में ख्याति प्राप्त व्यक्तियों का चयन किया जाता है, जिससे उपेक्षित श्रेणी के बच्चों को न्याय मिल सके। कहा कि बाल संरक्षण अपने आप में जटिल कार्य है, इसलिए नवचयनित अध्यक्ष और सदस्यों को चाहिए कि वह अपने कर्तव्यों का पालन निष्ठापूर्वक करें।
सचिव महिला कल्याण हरि चंद्र सेमवाल ने कहा कि समिति का कार्य न्यायिक प्रक्रिया से जुड़ा है। इसलिए सदस्य किशोर न्याय अधिनियम का सही अध्ययन कर बच्चों को न्याय दिलवाएं।
उत्तराखंड प्रशासन अकादमी के संयुक्त निदेशक प्रकाश चंद ने सभी का आभार जताया।
डीपीओ मुख्यालय अंजना गुप्ता ने बताया कि प्रशिक्षण के पहले दिन बाल कल्याण समिति, दूसरे दिन किशोर न्याय बोर्ड की जानकारी, केस स्टडी, प्रश्नों के उत्तर विषय विशषज्ञों द्वारा दिए जाएंगे। 28 मई को तीसरे दिन अंजना गुप्ता मिशन वात्सल्य, पीएम केयर्स केयर्स, स्ट्रीट चिल्ड्रन पुनर्वास, मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना की जानकारी देंगी। साथ ही स्वास्थ्य, श्रम, पुलिस विभागों के प्रतिनिधियों द्वारा बाल संरक्षण के विभिन्न विषयों पर चर्चा की जाएगी।