मौसम विभाग का अनुमान सही साबित हुआ और मंगलवार को उत्तराखंड में एक बार फिर से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो गया। हल्द्वानी व नैनीताल में दोपहर तक धूप खिली रही लेकिन दोपहर बाद आसमान को बादलों ने घेर लिया। पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी के आसार जताए गए हैं।
नैनीताल व हलद्वानी में दोपहर तक लोगों ने गुनगुनी धूप का जमकर आनंद लिया। लेकिन दोपहर बाद यहां पर बादल छा गए और मौसम में परिवर्तन शुरू हो गया। इसके साथ ही शाम होने तक ठंड में बढ़ोतरी हो गई। मौसम विभाग देहरादून के अनुसार पहाड़ी इलाकों में 2500 मीटर से ज्यादा ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने के आसार हैं। इस अनुमान के तहत नैनीताल, रामगढ़, मुक्तेश्वर और ओखलकांडा जैसे स्थानों में बर्फबारी होने के संकेत बन रहे हैं।
वहीं मौसम विभाग ने कहा है कि मैदानी और कम ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश होगी। साथ ही आने वाले दिनों में ठंड में और भी ज्यादा बढ़ोतरी होगी। मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान फिर से एक डिग्री सेल्सियस के नीचे जा सकता है। इधर हल्द्वानी में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 5.1 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 20 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। वहीं नैनीताल में अधिकतम तापमान 14 तथा न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।