उत्तराखंड के इतिहास में आज एक और पन्ना जुड़ गया है। पूर्व मुख्यमंत्री जनरल भुवन चंद्र खंडूरी की बेटी ऋतु खंडूरी को निर्विरोध विधानसभा अध्यक्ष बनाया गया है। ऋतु खंडूरी राज्य की पहली महिला विधानसभा अध्यक्ष बनी है। प्रोटेम स्पीकर बंशीधर भगत ने ऋतु खंडूरी को पद व गोपनीयता की शपथ ग्रहण करवाई।
ऋतु खंडूरी ने स्वयं को विधानसभा अध्यक्ष बनाए जाने पर कहा कि यह उनका ही नहीं बल्कि उत्तराखंड की हर महिला का सम्मान है। साथ ही उन्होंने केंद्रीय और प्रदेश नेतृत्व का आभार जताया। साथ ही राज्य की जनता का भी धन्यवाद दिया।
पहली महिला स्पीकर बनी ऋतु खंडूरी मूल रूप से उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के राधाबल्लभ पुरम गांव की रहने वाली है। उनके पिता रिटायर मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूरी आर्मी में ऑफिसर थे। जिन्होंने आर्मी से रिटायरमेंट होने के बाद लोकसभा चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। ऋतुखंडूरी का जन्म 29 जनवरी 1965 को नैनीताल के एक फौजी परिवार में हुआ। ऋतु ने मेरठ के रघुनाथ गर्ल्स कॉलेज से अपनी ग्रेजुएशन की पढ़ाई पूरी की, उसके बाद राजस्थान विश्वविद्यालय से पोस्ट ग्रेजुएशन और दिल्ली से पत्रकारिता में डिप्लोमा किया। ऋतु खंडूरी के पति राजेश भूषण, बिहार कैडर के आईएएस अधिकारी हैं, और वर्तमान में वह मोदी सरकार में केंद्र में स्वास्थ्य सचिव के पद पर तैनात हैं। ऋतु खंडूरी ने 2017 में पहली बार चुनाव लड़ा और यमकेश्वर से जीत हासिल की। जिसके बाद वह 2022 में कोटद्वार सीट से सुरेंद्र नेगी के खिलाफ चुनाव मैदान में उतरीं और शानदार जीत हासिल की।