देहरादून। प्रत्येक वर्ष अत्यधिक प्रदूषण की मार झेल रहे नई दिल्ली और एनसीआर वालों के लिए भारतीय वन सर्वेक्षण के वन सर्वे से एक राहत भरी खबर सामने आई है। सर्वे के अनुसार देश की राजधानी नई दिल्ली आर्थिक राजधानी मुंबई, कोलकाता और चेन्नई जैसे सात महानगरों में हरियाली के मामले में सबसे आगे है।
भारतीय वन सर्वेक्षण के विशेषज्ञों द्वारा किए गए सर्वे के मुताबिक नई दिल्ली में 194.24 वर्ग किलोमीटर फॉरेस्ट कवर है, वहीं देश की आर्थिक राजधानी फॉरेस्ट कवर के मामले में दूसरे नंबर पर है। मुंबई में कुल 110.77 वर्ग किलोमीटर फॉरेस्ट कवर चिह्नित किया गया।
भारतीय वन सर्वेक्षण के विशेषज्ञों के मुताबिक कर्नाटक की राजधानी बंगलूरू में 89.2 वर्ग किलोमीटर, हैदराबाद में 81.81 वर्ग किलोमीटर, अहमदाबाद में 9.41 वर्ग किलोमीटर, चेन्नई में 89.02 वर्ग किलोमीटर फॉरेस्ट कवर चिह्नित किया गया है। भारतीय वन सर्वेक्षण के विशेषज्ञों के मुताबिक फॉरेस्ट कवर के मामले में सबसे बदहाल स्थिति पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता की है। जहां मात्र 177 वर्गकिलोमीटर क्षेत्रफल में ही फॉरेस्ट कवर पाया गया है। जो चिंताजनक पहलू है।