उत्तराखंड विधानसभा चुनाव: इस बार ईवीएम पर दिखेगी 'नेताजी' की रंगीन तस्वीर, चुनाव आयोग ने किए बड़े बदलाव

Blog
 Image

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव में इस बार मतदाताओं को कई बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे। चुनाव आयोग ने मतदान प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, तकनीक आधारित और मतदाता-अनुकूल बनाने के लिए महत्वपूर्ण फैसले लागू किए हैं। सबसे बड़ा बदलाव यह है कि अब ईवीएम की बैलेट यूनिट पर प्रत्याशियों की ब्लैक एंड व्हाइट नहीं, बल्कि स्पष्ट रंगीन तस्वीरें दिखाई देंगी। इसके अलावा मतदान केंद्रों के बाहर प्रत्याशियों के चुनावी बस्ते लगाने के नियमों में भी बदलाव किया गया है। अब तक ईवीएम पर उम्मीदवारों की छोटी और श्वेत-श्याम तस्वीरें होती थीं, जिन्हें पहचानने में कई बार मतदाताओं को परेशानी होती थी। चुनाव आयोग ने इस समस्या को दूर करने के लिए रंगीन तस्वीरों की व्यवस्था लागू की है, ताकि मतदाता बिना किसी भ्रम के अपने पसंदीदा उम्मीदवार की पहचान कर सकें और मतदान प्रक्रिया अधिक सहज बन सके। चुनाव आयोग ने चुनावी बस्तों की दूरी के नियम में भी संशोधन किया है। पहले प्रत्याशियों के बस्ते मतदान केंद्र से 200 मीटर दूर लगाए जाते थे, लेकिन अब उन्हें 100 मीटर की दूरी तक लगाने की अनुमति होगी। हालांकि, बस्तों से संबंधित अन्य सभी नियम पहले की तरह प्रभावी रहेंगे। तकनीक के मोर्चे पर भी आयोग ने बड़ा कदम उठाया है। चुनाव प्रबंधन से जुड़े 40 से अधिक मोबाइल और वेब एप्लीकेशन को एकीकृत कर 'ईसीआई नेट' नामक डिजिटल प्लेटफॉर्म तैयार किया गया है। इससे चुनाव अधिकारियों के साथ-साथ मतदाताओं को भी विभिन्न सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध होंगी और चुनावी प्रक्रियाएं अधिक तेज एवं पारदर्शी बनेंगी। चुनाव की निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए इस बार उत्तराखंड के 100 प्रतिशत मतदान केंद्रों पर लाइव वेबकास्टिंग की जाएगी। मतदान के दौरान हर गतिविधि पर चुनाव आयोग की पैनी नजर रहेगी, जिससे किसी भी प्रकार की अनियमितता पर तत्काल कार्रवाई की जा सकेगी। सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास ने बताया कि चुनाव आयोग द्वारा किए गए ये सभी बदलाव आगामी विधानसभा चुनाव में पूरी तरह लागू होंगे। उनका कहना है कि इन सुधारों का उद्देश्य मतदाताओं का भरोसा और चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता दोनों को और मजबूत करना है। माना जा रहा है कि नई व्यवस्था से मतदान प्रक्रिया अधिक आधुनिक, सुरक्षित और मतदाता-केंद्रित बनेगी।