असम में ब्रह्मपुत्र नदी पर यात्रियों से भरी दो नावों में टक्कर हो गई। इस हादसे के बाद कई लोगों को लापता होने की खबर है। घटना जोरहट जिले के नीमतीघाट की बताई गई है। बताया जा रहा है कि दोनों नावों में करीब 100 यात्री सवार थे। एक बोट माजुली से नीमतीघाट की ओर जा रही थी जबकि दूसरी इसकी विपरीत दिशा में जा रही थी। नाव में सवार लापता लोगों की तलाश की जा रही हैं। इनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। वहीं जोरहाट के अतिरिक्त डीसी दामोदर बर्मन ने कहा कि असम के ब्रह्मपुत्र नदी में हुई दुर्घटना में नाव में लगभग 50 लोग सवार थे, जिनमें से 40 लोगों को बचा लिया गया है। अन्य लोगों को बचाने का कार्य जारी है।
राज्य के सीएम हिमंता बिस्व सरमा ने नाव दुर्घटना पर दुख जताते हुए माजुली और जोरहाट जिला प्रशासन को एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की मदद से बचाव अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने अपने मंत्री बिमल बोरा को शीघ्र माजुली पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने को कहा है। सीएम ने अपने प्रधान सचिव समीर सिन्हा को लगातार घटनाक्रम पर निगाह रखने के निर्देश दिए हैं। मुख्यमंत्री हिमंता बिस्व सरमा कल माजुली पहुंचेंगे।
