बिचौलियों और रुकावटों का हुआ पूरी तरह से खात्मा, लाभार्थियों को मिल रहा शत-प्रतिशत लाभ

Blog
 Image

देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के सफल 12 वर्षों के कार्यकाल की जमकर सराहना की है। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में आयोजित मीडिया से एक विशेष संवाद कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री धामी ने इस कार्यकाल को 'सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण' को समर्पित एक ऐतिहासिक काल बताया। पत्रकारों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि बीते 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने ऐसी जन-केंद्रित योजनाओं को धरातल पर उतारा है, जिन्होंने न सिर्फ देश की तस्वीर बदली है, बल्कि देश के आम आदमी के जीवन स्तर को भी बेहद सुगम और आसान बना दिया है। प्रधानमंत्री के दूरदर्शी नेतृत्व में आज भारत विकास के साथ-साथ सामाजिक सुरक्षा के क्षेत्र में भी दुनिया में नई ऊंचाइयां छू रहा है। मुख्यमंत्री धामी ने केंद्र सरकार की पारदर्शी नीतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले के दौर में आम आदमी तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचने में अनगिनत बाधाएं और भ्रष्टाचार आड़े आता था। लेकिन मोदी सरकार ने तकनीक का इस्तेमाल कर पूरी व्यवस्था को पारदर्शी बना दिया है। आज जनधन खातों, आधार कनेक्टिविटी और डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर  की मजबूत त्रिशक्ति के कारण हर योजना की सहायता राशि सीधे और बिना किसी कटौती के असली पात्र व्यक्ति के बैंक खाते में पहुंच रही है। इससे देश में एक नए भरोसे का माहौल पैदा हुआ है।

सीएम धामी ने कहा कि केंद्र सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का सबसे बड़ा और सकारात्मक असर हमारे गांवों, गरीबों और महिलाओं के जीवन पर देखने को मिला है। बुनियादी जरूरतों को पूरा करने के लिए सरकार ने हमेशा मिशन मोड पर काम किया है। उज्ज्वला योजना ने जहां देश की करोड़ों माताओं-बहनों को चूल्हे के जानलेवा धुएं से मुक्ति दिलाई है, वहीं 'जल जीवन मिशन' के तहत हर घर तक साफ पानी का नल पहुंचाया जा रहा है। इसके अलावा देश के हर कोने में बिजली, पानी, एलपीजी गैस कनेक्शन, पक्के आवास और शौचालयों का निर्माण कराकर करोड़ों परिवारों के जीवन स्तर को गरिमापूर्ण और सुरक्षित बनाया गया है। आयुष्मान भारत योजना ने गरीब परिवारों को गंभीर बीमारियों के समय मुफ्त और बेहतर इलाज की बड़ी गारंटी दी है। प्रेस वार्ता के दौरान मुख्यमंत्री ने देश की आंतरिक और बाह्य सुरक्षा का विशेष जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में देश की रक्षा नीति में एक अभूतपूर्व कड़ापन आया है। केंद्र सरकार ने आतंकवाद और राष्ट्रविरोधी ताकतों के खिलाफ 'जीरो टॉलरेंस' की नीति अपनाई है। सुरक्षा से जुड़े संवेदनशील मसलों पर सरकार ने बिना हिचकिचाए बेहद साहसिक और मजबूत फैसले लिए हैं, जिससे देश के दुश्मनों को उनकी ही भाषा में करारा जवाब मिला है। आज इसी मजबूत इच्छाशक्ति के दम पर भारत की पहचान दुनिया में एक सशक्त, स्वाभिमानी और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में स्थापित हो चुकी है। देश की अर्थव्यवस्था रिकॉर्ड गति से मजबूत हो रही है और भारत वैश्विक मंचों पर एक बड़े मार्गदर्शक की भूमिका निभा रहा है। उत्तराखंड के परिप्रेक्ष्य में बात करते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विशेष लगाव और मार्गदर्शन के कारण आज देवभूमि उत्तराखंड में भी विकास कार्यों को एक अभूतपूर्व रफ्तार मिली है। सूबे में सड़क, हवाई सेवा, रेल, स्वास्थ्य, शिक्षा और धार्मिक पर्यटन से जुड़ी बुनियादी ढांचागत परियोजनाएं रिकॉर्ड समय में तेजी से आगे बढ़ रही हैं। चारधाम को जोड़ने वाली 'ऑल वेदर रोड' परियोजना हो या पहाड़ों का सीना चीरकर आगे बढ़ रही ऐतिहासिक 'ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना', इन तमाम बड़े कनेक्टिविटी कार्यों से आने वाले समय में उत्तराखंड के आर्थिक और सामाजिक परिदृश्य में एक बहुत बड़ा और क्रांतिकारी बदलाव देखने को मिलेगा। मुख्यमंत्री ने अंत में दोहराया कि मोदी सरकार के यह 12 वर्ष देश के सामूहिक विश्वास और बड़े बदलाव के साक्षी रहे हैं। सरकार का यह अटूट संकल्प है कि विकास की यह पावन यात्रा बिना रुके अविरल आगे बढ़ती रहे और समाज के सबसे अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक हर सरकारी योजना का लाभ पूरी प्रामाणिकता के साथ पहुंचे।