Mar 21, 2026

आधी रात को सफल हुआ अभियान: रस्सियों के सहारे 150 मीटर ऊपर लाया गया पूर्व सैनिक का शव

post-img

चमोली। जिले में नंदकेशरी-चिड़िगा सड़क मार्ग पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में पूर्व सैनिक की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार करीब 150 मीटर गहरी खाई में जा गिरी और शव को बाहर निकालने में पुलिस व स्थानीय लोगों को करीब तीन घंटे तक कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।

जानकारी के अनुसार, कोठी गांव निवासी 43 वर्षीय दर्शन सिंह, जो पूर्व सैनिक थे, शुक्रवार रात अपनी कार से चिड़िगा गांव से घर लौट रहे थे। इसी दौरान नंदकेशरी से करीब एक किलोमीटर आगे उनकी कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे की सूचना चिड़िगा और तलसारी गांव के ग्रामीणों द्वारा पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। दुर्घटना स्थल दुर्गम होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कार खाई में फंसी हुई थी और मृतक का शव भी अंदर बुरी तरह फंसा हुआ था, जिससे उसे बाहर निकालने में लंबा समय लगा। रात्रि करीब नौ बजे शुरू हुआ रेस्क्यू ऑपरेशन आधी रात तक चला। चिड़िगा, चेपडों और कोठी गांव के दर्जनों ग्रामीणों ने पुलिस के साथ मिलकर अभियान में सहयोग किया। अंततः करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद शव को स्ट्रेचर में बांधकर रस्सियों की मदद से खींचते हुए ऊपर सड़क तक लाया गया। इसके बाद 108 एंबुलेंस की सहायता से शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली पहुंचाया गया। मृतक के परिजनों ने पोस्टमार्टम थराली अस्पताल में ही कराने का अनुरोध किया है। दर्शन सिंह के असामयिक निधन से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वे अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और दो बेटों को छोड़ गए हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सुरक्षा उपाय बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके। इस घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है और लोग मृतक के परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।