उत्तराखंड शिक्षा विभाग में 1035 नए सहायक अध्यापकों की नियुक्ति हो गई है। इन सभी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नियुक्ति पत्र सौंपे हैं। बुधवार को राजकीय दून मेडिकल कॉलेज, देहरादून में नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जहां मुख्यमंत्री धामी ने चयनित 1035 सहायक अध्यापकों (प्राथमिक शिक्षा) को नियुक्ति पत्र सौंपे। इन सभी सहायक अध्यापको में 17 विशेष शिक्षक भी शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने सभी अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी युवा शिक्षक राज्य में शिक्षा का स्तर बेहतर करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे। उन्होंने कहा आज से आपके कंधों पर उत्तराखंड के भविष्य को संवारने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी आ गई है। जब किसी बच्चे को गुणवत्तापूर्ण और संस्कारयुक्त शिक्षा मिलती है, तो वो सिर्फ अपना जीवन ही नहीं संवारता, बल्कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण योगदान देता है। शिक्षक देश के उज्ज्वल भविष्य के शिल्पकार हैं। सीएम ने कहा कि बच्चों को उत्कृष्ट शिक्षा देने के साथ-साथ उनमें समाज, संस्कृति और राष्ट्र के प्रति कर्तव्य की भावना भी विकसित करें, जिससे वे शिक्षा के साथ संस्कारवान और जिम्मेदार नागरिक भी बनें। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण बनाने के लिए लगातार काम कर रही है। विद्यालयों के इंफ्रास्ट्रक्चर स्ट्रक्चर को बेहतर करने से लेकर डिजिटल शिक्षा, शिक्षक प्रशिक्षण और कौशल विकास तक हर स्तर पर व्यापक सुधार किए जा रहे हैं। सीएम ने कहा राज्य में पिछले साढ़े चार सालों में 28 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरी मिली है। ये सिर्फ आंकड़ा नहीं, बल्कि हमारे युवाओं के आत्मसम्मान की जीत है। इन साढ़े चार सालों में जितनी नौकरियां युवाओं को मिली हैं, वो राज्य गठन के बाद और पूर्ववर्ती सरकारों के समय से दो गुना से भी अधिक है। उन्होंने कहा सरकार युवाओं के भविष्य से किसी को खिलवाड़ नहीं करने देगी। शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने कहा कि पिछले साढ़े चार साल में शिक्षा विभाग में 11,500 से अधिक नियुक्तियां दी गई हैं। इसके साथ ही 3,500 से अधिक तमाम पदों पर भर्ती प्रक्रिया चल रही है। राज्य में शिक्षा में नवाचार पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। जिससे बच्चों को बेहतर और गुणवत्ता पूर्ण शिक्षा प्रदान किया जा सके।