उत्तराखंड के हल्द्वानी से कांग्रेस का चुनावी शंखनाद: 8 अगस्त को खरगे की हुंकार, भाजपा पर साधेंगे निशाना

Blog
 Image

देहरादून। उत्तराखंड विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच कांग्रेस ने सियासी मैदान में अपनी सक्रियता तेज कर दी है। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे करीब ढाई साल बाद उत्तराखंड दौरे पर आ रहे हैं। वह 8 अगस्त को हल्द्वानी के रामलीला मैदान में विशाल कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इस रैली को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस के चुनावी शंखनाद के रूप में देखा जा रहा है, जहां पार्टी भाजपा सरकार पर विभिन्न जन मुद्दों को लेकर जोरदार हमला बोलेगी। कांग्रेस ने इस रैली के लिए 35 से 40 हजार कार्यकर्ताओं को जुटाने का लक्ष्य रखा है। पार्टी का मानना है कि हल्द्वानी से होने वाला यह शक्ति प्रदर्शन कुमाऊं मंडल की 29 विधानसभा सीटों पर चुनावी माहौल को नई दिशा देगा। उत्तराखंड की कुल 70 विधानसभा सीटों में से 29 सीटें कुमाऊं मंडल के छह जिलों में आती हैं, जिन्हें आगामी चुनाव के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है।

रैली में कांग्रेस पेपर लीक, मंदिरों में चढ़ावे की कथित चोरी, कानून व्यवस्था, बेरोजगारी, महंगाई और युवाओं से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाएगी। पार्टी इन मुद्दों के जरिए भाजपा सरकार को घेरने की रणनीति पर काम कर रही है। माना जा रहा है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष खरगे अपने संबोधन में केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों पर भी तीखा राजनीतिक हमला बोलेंगे। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि रैली की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। पार्टी का पूरा संगठन इस कार्यक्रम को ऐतिहासिक बनाने में जुटा हुआ है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस का राष्ट्रीय नेतृत्व उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को गंभीरता से ले रहा है और इसी रणनीति के तहत शीर्ष नेताओं के लगातार दौरे प्रस्तावित हैं। गौरतलब है कि 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 70 में से 19 सीटों पर जीत दर्ज की थी, जिनमें 11 सीटें कुमाऊं मंडल की थीं। बाद में मंगलौर विधानसभा उपचुनाव जीतने के बाद पार्टी की संख्या एक और बढ़ गई। वहीं, गढ़वाल मंडल की 41 सीटों में कांग्रेस के पास फिलहाल केवल नौ सीटें हैं। ऐसे में पार्टी की रणनीति कुमाऊं में अपनी स्थिति और मजबूत करने के साथ गढ़वाल में भी जनाधार बढ़ाने की है। खरगे के दौरे की तैयारियों की समीक्षा के लिए बुधवार को कांग्रेस की प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा ने वरिष्ठ नेताओं के साथ वर्चुअल बैठक की। बैठक में प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य सहित अन्य नेताओं से तैयारियों की जानकारी ली गई। सैलजा ने सभी नेताओं को आपसी समन्वय के साथ रैली को सफल बनाने के निर्देश दिए। कांग्रेस का कहना है कि लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के देहरादून कार्यक्रम के बाद अब खरगे की हल्द्वानी रैली राज्य में चुनावी अभियान को नई गति देगी। पार्टी ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य वरिष्ठ नेताओं के भी उत्तराखंड दौरे होंगे, जिससे चुनावी माहौल और तेज होने की संभावना है।