देहरादून। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में दायित्व संभालने के बाद पहली बार देवभूमि उत्तराखंड के तीन दिवसीय दौरे पर आए नितिन नवीन के प्रवास का आखिरी दिन संगठनात्मक और रणनीतिक दृष्टि से बेहद व्यस्त और महत्वपूर्ण रहने वाला है। अपने दौरे के अंतिम दिन की शुरुआत उन्होंने पूरी तरह आध्यात्मिक और जमीनी जुड़ाव के साथ की। राष्ट्रीय अध्यक्ष सुबह ठीक 8:30 बजे देहरादून के प्रसिद्ध टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचे, जहाँ उन्होंने भगवान शिव की विधिवत पूजा-अर्चना की और प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि तथा खुशहाली की कामना की।
आध्यात्मिक शुरुआत के तुरंत बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष ने पार्टी के जमीनी कार्यकर्ताओं को बड़ा संदेश दिया। वह गढ़ी कैंट स्थित एक आम कार्यकर्ता और बूथ अध्यक्ष किशोर कुमार के घर पहुंचे, जहाँ उन्होंने बेहद सादगी के साथ जलपान किया। इसके बाद गढ़ी कैंट में ही बूथ समिति की एक अत्यंत महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। इस बैठक में नितिन नवीन ने आगामी 2027 विधानसभा चुनावों के मद्देनजर बूथ स्तरीय तैयारियों की समीक्षा की और कार्यकर्ताओं को 'बूथ जीता, चुनाव जीता' का मूल मंत्र दिया। अपने तय कार्यक्रम के अनुसार, राष्ट्रीय अध्यक्ष सुबह 11 बजे शिगनीवाला स्थित शिवालिक कॉलेज ऑफ इंजीनियरिंग पहुंचे, जहाँ प्रबुद्ध गोष्ठी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मंच से उन्होंने समाज के बुद्धिजीवियों, शिक्षाविदों और पेशेवर वर्ग के लोगों से सीधा संवाद स्थापित कर सरकार की लोक-कल्याणकारी नीतियों और ऐतिहासिक उपलब्धियों पर चर्चा की। दौरे का सबसे महत्वपूर्ण पड़ाव दोपहर 2 बजे मुख्यमंत्री कैंप कार्यालय में होने वाला युवा संवाद कार्यक्रम है। मिशन 2027 के लिहाज से इस कार्यक्रम को गेम-चेंजर माना जा रहा है, जहाँ राष्ट्रीय अध्यक्ष सीधे उत्तराखंड के युवाओं से रूबरू होकर उनकी आकांक्षाओं, विचारों और भविष्य की योजनाओं पर विस्तृत बातचीत करेंगे। नितिन नवीन के इस दौरे से प्रत्येक विधानसभा में प्रबुद्धजन सम्मेलन आयोजित करने और सरकारी योजनाओं को घर-घर पहुंचाने की एक बड़ी रणनीति तैयार की गई है। राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस दौरे पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रदेश के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा, "भाजपा संगठन की मजबूती का सबसे बड़ा आधार उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस मार्गदर्शक दौरे से हमारे पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में एक नई ऊर्जा और अभूतपूर्व उत्साह का संचार हुआ है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हमारी सरकार अंतिम छोर पर बैठे व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के संकल्प के साथ कार्य कर रही है। गौरतलब है कि इससे बीते दिन नितिन नवीन ऋषिकेश स्थित परमार्थ निकेतन पहुंचे थे, जहां संतों के सान्निध्य में उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के साथ गंगा आरती में प्रतिभाग किया था। राष्ट्रीय अध्यक्ष के इस पहले उत्तराखंड दौरे ने आगामी चुनावों के लिए पूरी पार्टी मशीनरी को पूरी तरह से एक्टिव मोड में ला दिया है।

