देहरादून। उत्तराखंड के मत्स्य विभाग में भर्ती और पदोन्नति प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं का गंभीर मामला सामने आया है। विभाग के शीर्ष अधिकारियों पर आरोप है कि वे सेवा नियमावली और शासनादेशों को ताक पर रखकर अपने चहेते कर्मचारियों को लाभ पहुंचाने के लिए भर्ती प्रक्रिया में बदलाव कर रहे हैं। यह मामला तब उजागर हुआ जब उत्तराखंड स्वाभिमान मोर्चा के अध्यक्ष बॉबी पंवार और उत्तराखंड बेरोजगार संघ ने इस पर कड़ा विरोध दर्ज कराया। संगठनों का आरोप है कि सहायक निदेशक मत्स्य के पदों पर लागू 50 प्रतिशत सीधी भर्ती और 50 प्रतिशत पदोन्नति के निर्धारित नियम को दरकिनार किया जा रहा है। विभागीय स्तर पर गुपचुप तरीके से शत-प्रतिशत विभागीय पदोन्नति देने की पत्रावली को अमली जामा पहनाया जा रहा है। इस मामले को लेकर उत्तराखंड बेरोजगार संघ और स्वाभिमान मोर्चा ने प्रदेश के मुख्य सचिव को एक शिकायत पत्र सौंपा है। पत्र के माध्यम से मांग की गई है कि सेवा नियमावली और वित्त विभाग के दिशा-निर्देशों के विरुद्ध गतिमान इस पदोन्नति प्रक्रिया पर तत्काल रोक लगाई जाए और 50 प्रतिशत सीधी भर्ती का कोटा बरकरार रखा जाए। संगठनों का कहना है कि यदि सीधी भर्ती का कोटा समाप्त किया गया, तो इससे प्रदेश के हजारों शिक्षित बेरोजगार युवाओं के रोजगार के अधिकारों का सीधा हनन होगा। फिलहाल, इस मामले ने विभागीय कार्यप्रणाली पर कई बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। मत्स्य विभाग की सेवा नियमावली एवं संबंधित शासनादेशों के अनुसार सहायक निदेशक मत्स्य का संवर्ग (60% पदोन्नति और 50% सीधी भर्ती के अनुपात में भरा जाना अनिवार्य है। सभी पदों को केवल पदोन्नति से भरने का प्रयास पूरी तरह नियम विरुद्ध है, जिससे उत्तराखंड के योग्य बेरोजगार युवाओं को सीधी भर्ती के अवसर से वंचित किया जा रहा है।विभागीय संवर्ग ढाँचा केवल 23 फरवरी 2023 तक ही स्वीकृत/मान्य था। वर्तमान में वित्त विभाग द्वारा कोई नया या संशोधित ढाँचा स्वीकृत नहीं है। प्रशासनिक व वित्तीय नियमों के तहत बिना वैध एवं स्वीकृत पद-संरचना के किसी भी पद पर पदोन्नति किया जाना पूर्णतः अनुचित व अवैधानिक है। मत्स्य विभाग में 28 ज्येष्ठ मत्स्य निरीक्षक के सापेक्ष 25 सहायक निदेशक मत्स्य के पदों का सृजन करने से एक उल्टा "प्रशासनिक पिरामिड" बना दिया था। इस अनुपात के हिसाब से, फीडर कैडर के 89.2% कर्मचारियों को सुपरवाइजरी (पर्यवेक्षी) रैंक पर पदोव्रत कर दिया जाएगा। इससे एक अजीब स्थिति पैदा होगी, जहाँ 13 जिलों में फैले केवल 28 ज्येष्ठ मत्स्य निरीक्षक की देखरेख के लिए 25 सहायक निदेशक मत्स्य होंगे। पूर्व में बिना अधीनस्थ पदों के अनुपात को ध्यान में रखे 25 सहायक निदेशक मत्स्य पदों का गैर-पिरामिडल ढाँचा तैयार किया गया था, जिसे विभाग ने स्वयं त्रुटिपूर्ण मानते हुए इन पदों की पूर्व प्रक्रिया को निरस्त किया था तथा मा० मुख्यमंत्री, उत्तराखंड कार्यालय को 20.09.2023 द्वारा अवगत कराया गया है कि "विभाग में केवल सहायक निदेशक मत्स्य के पदों में वृद्धि पर विभागीय ढांचे का पिरेमिड चरमरा गया था। इस कारण विभागीय ढांचे को पुनः संशोधित किये जाने की कार्यवाही की जा रही है। सहायक निदेशक मत्स्य के पद तत्समय भरे नहीं जा सके जो कि शासनादेश में निहित व्यवस्थानुसार स्वयं ही समाप्त हो गये हैं" एक ओर विभाग इस ढांचे को दोषपूर्ण मान रहा है, वहीं दूसरी ओर उसी आधार पर चहेते कार्मिकों को अनुचित लाभ देने के लिए पदोन्नति की फाइल आगे बढ़ाई जा रही है।
क्या शीर्ष अधिकारी कर रहे मनमानी?
अगर सूत्रों कि माने तो अब विभाग के शीर्ष अधिकारी मुख्यमंत्री सहित सभी की आँखों में धूल झोंक कर कुछ कर्मियों को फायदा पहुँचाने के लिए सीधे 100% पदोन्नति के नए फॉर्मूले को अम्लीजामा पहनाने में लगे हुए हैं। जो सवालों के घेरे में आ रहा है। वहीं वर्तमान में सहायक निदेशक मत्स्य के 7 पद स्वीकृत हैं, जिन्हें अब गलत तरीके से 15 किया जा रहा है। जो 8 पद बढ़ाये जा रहे हैं वो नियमानुसार 4 आयोग से व 4 विभागीय पदोन्नति पद्द्ति से बनने चाहिए। चौकाने वाली बात ये है की सचिव कार्मिक विभाग नें भी 100% विभागीय पदोन्नति प्रक्रिया को सहमति दे है। सवाल ये है की क्या ये किसी के दबाव है या किसी का प्रलोभन? क्योंकि ऐसा लग रहा है की सीधा सीधा कुछ कर्मचारियों को दोहरा लाभ पहुँचाने के लिए सचिव मत्स्य ऐसा घोटाला करने जा रहे हैं। ये अपने आप में एक बड़ा सवाल खड़ा कर रहा है।

